हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने मंगलवार को उच्च न्यायालय की नई वेबसाइट hphighcourt.nic.in का शुभारंभ किया। यह वेबसाइट हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।
इस वेबसाइट की विशेषता यह है कि प्रदेश के जिला और उपमंडल स्तर के न्यायालयों के मामलों की सुनवाई के बारे में डिजिटल डिस्पले बोर्ड पर पूर्ण ब्योरा देखा जा सकेगा। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय देश का पहला ऐसा राज्य है, जिसने इस प्रकार की सुविधा प्रदान की है।
इस वेबसाइट को कंप्यूटर के अलावा किसी भी स्मार्ट फोन पर खोला जा सकता है। इसे एनआईसी और उच्च न्यायालय के तकनीकी कर्मचारियों की ओर से संयुक्त रूप से तैयार किया गया है। इस अवसर पर न्यायाधीश सुरेश्वर ठाकुर, विवेक सिंह ठाकुर, अजय मोहन गोयल, संदीप शर्मा और सीबी बरोवालिया भी मौजूद रहे।