लोक निर्माण विभाग करेगा 500 मीटर लंबी सड़क का निर्माण
ब्रॉकहास्ट से विजयनगर नाले तक बनेगी सड़क जाम से भी मिलेगी निजात अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी के छोटा शिमला से बीसीएस क्षेत्र को जोड़ने के लिए जल्द ही वैकल्पिक सड़क तैयार की जाएगी। नगर निगम के इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंजूरी दे दी है। लोक निर्माण विभाग इस सड़क का निर्माण करेगा।
नगर निगम इसी माह इस सड़क का काम शुरू करवाने की तैयारी कर रहा है। यह सड़क छोटा शिमला के ब्रॉकहास्ट से बीसीएस के साथ लगते विजयनगर नाले तक तैयार की जाएगी। करीब पांच सौ मीटर लंबी बनने वाली इस सड़क के निर्माण पर एक करोड़ रुपये रुपये की लागत आएगी। सड़क के बनने से छोटा शिमला और बीसीएस के बीच की दूरी करीब एक किलोमीटर तक घट जाएगी। अभी ब्रॉकहास्ट से वाया विकासनगर होते हुए बीसीएस के लिए वाहन रवाना होते हैं। अब यह वाहन ब्रॉकहास्ट से वाया विजयनगर होते हुए बीसीएस रवाना होंगे। नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने बीते महीने भी इस सड़क के निर्माण को लेकर अधिकारियों का मौके पर निरीक्षण करवाया था। इसके बाद मुख्यमंत्री को इस प्रस्ताव के बारे में बताया गया। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि अब मुख्यमंत्री ने इसके निर्माण का काम शुरू करने को मंजूरी दे दी है। जल्द ही इसकी आधारशिला रखी जाएगी।
यातायात जाम से मिलेगी राहत नई सड़क बनने से इन उपनगरों में यातायात जाम से भी लोगों को राहत मिलेगी। नगर निगम के अनुसार विजयनगर से भी वाया आंजी होते हुए बड़ागांव तक सड़क तैयार की जा रही है। इसके बनने से शहरवासियों को फायदा होगा। छोटा शिमला के लोग विजयनगर होते हुए सीधे बड़ागांव बाइपास तक भी पहुंच जाएंगे। जल्द ही इन दोनों सड़कों का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।