किसानों-बागवानों को मंडियों तक फसलें पहुंचाना होगा आसान
विज्ञापन
केंद्र सरकार ने बजट को दे दी है मंजूरी : सिंह
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिले की छैला-नैरीपुल-यशवंतनगर-कुमारहट्टी और रामपुर की टिक्कर-जरोल-खमाडी सड़कों का विस्तार होगा। इन सड़कों पर 239.45 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस कार्य के लिए केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (सीआरआईएफ) के तहत सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बजट को मंजूरी दे दी है।
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इन सड़कों के विस्तार से ऊपरी शिमला के किसानों और बागवानों को अपने उत्पादों को मंडियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। सड़कों के डबल लेन होने से आवाजाही आसान होगी। इससे सोलन और बाहरी प्रदेशों के लिए दूरी भी कम होगी। उन्होंने कहा कि वह सड़कों के विस्तार के लिए केंद्र से बजट लाने का प्रयास कर रहे थे। इन परियोजनाओं को केंद्र सरकार और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष भी रखा था। अब प्रदेश सरकार दोनों परियोजनाओं से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करके निर्माण कार्य शुरू कर देगी ताकि आम जनता को सड़कों का लाभ मिल सकें।
उन्होंने बताया कि 35.93 करोड़ रुपये से टिक्कर-जरोल-खमाड़ी सड़क का 16 किलोमीटर हिस्सा पहले पैकेज में स्वीकृत नहीं हो पाया था लेकिन अब इसके लिए स्वीकृति मिलने से पूरी सड़क का सुधार हो जाएगा। इससे रामपुर क्षेत्र के किसानों और बागवानों को विशेष लाभ मिलेगा। छैला-नैरीपुल-यशवंतनगर-कुमारहट्टी सड़क प्रदेश के प्रमुख सेब उत्पादक क्षेत्रों ठियोग, कोटखाई, जुब्बल, रोहड़ू और चौपाल की जीवन रेखा है। इस सड़क के विस्तार होने से सेब एवं अन्य बागवानी उत्पाद कम समय में मंडी पहुंचेंगे, जिससे क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।