महासचिव पद पर मंजू बाला ने हासिल की जीत
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में चतुर्थ श्रेणी एवं तकनीकी कर्मचारी यूनियन के बुधवार को हुए चुनाव में चेतराम अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच हुए मतदान के बाद मतगणना पूरी होते ही सभी सात पदों के विजेताओं की घोषणा की गई जिसमें अध्यक्ष पद पर चेतराम ने जीत दर्ज की।
उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों चांदी राम, हेमराज भाटिया और रविंद्र कुमार को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की। उपाध्यक्ष पद पर किशोरी लाल विजयी रहे। महासचिव पद पर मंजू बाला ने जीत प्राप्त की। संयुक्त सचिव पद पर प्रेम चंद विजयी रहे जबकि संगठन सचिव पद पर करण ने बाजी मारी। प्रेस सचिव पद पर आनंद पाल ने जीत हासिल की। वित्त सचिव पद के लिए हुए मुकाबले में समीर वैद्य विजयी घोषित किए गए। यूनियन के 258 मतदाता थे जिनमें से 229 ने मतदान किया। सुबह 11 से शाम 4 बजे तक विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में बनाए गए दो मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ। प्रशासन की निगरानी में पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और व्यवस्थित रही। 6 साल बाद विश्वविद्यालय में चुनाव आयोजित किए गए।
मतगणना शुरू होते ही उम्मीदवारों और समर्थकों की उत्सुकता बढ़ गई थी। परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और परिसर में बधाइयों का दौर शुरू हो गया। नई कार्यकारिणी से कर्मचारियों को कई उम्मीदें हैं। कर्मचारियों ने वेतन, पदोन्नति, कार्य परिस्थितियों में सुधार और लंबित मांगों के समाधान को लेकर नई टीम से सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई है।