कोटगढ़, कुमारसैन और ननखड़ी से आ रही चेरी संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। राजधानी की ढली मंडी में चार दिनों में चेरी के दामों में 300 रुपये प्रतिकिलो तक की बढ़ोतरी हुई है। ढली मंडी में बीते वीरवार को जहां चेरी के एक किलो का बॉक्स 200 रुपये में बिका था वहीं सोमवार को एक बॉक्स 500 रुपये में बिका।
मंडी में इन दिनों धनापाणी, कुमारसैन, ननखड़ी, भूटी और कोटगढ़ से चेरी बिकने पहुंच रही है। सोमवार को भट्ठाकुफर फल मंडी में 600 से 700 बॉक्स चेरी के पहुंचे। इसमें चेरी के नीरो डीरो किस्म 400 से 500, रेड चेरी 200 से 400 और ब्लैक चेरी 200 से 400 रुपये प्रतिकिलो बिकी। जीएसटी 11 बी फर्म के संचालक अंकुश कंवर ने बताया कि सोमवार को उनके पास 30 से 32 बॉक्स चेरी पहुंची है। बताया कि ज्यादा अच्छी गुणवत्ता वाली चेरी मंडी में अभी नहीं पहुंच रही है। एक मई के बाद चेरी की आपूर्ति बढ़ जाएगी और गुणवत्ता में सुधार होगा। आढ़तियों का कहना है कि अभी मंडी में आ रही चेरी को लोकल खरीदारों को ही दे रहे हैं। आने वाले दिनों में आपूर्ति बढ़ने के साथ चेरी बाहरी राज्यों में भेजना शुरू की जाएगी। इससे बागवानों को और ज्यादा अच्छे दाम मिलना शुरू हो जाएंगे।
इस बार कम हैै चेरी की फसल
पीआरजे ट्रेडर्स 32 नंबर फर्म के संचालक अंशुमन ने बताया के उनके पास रेड चेरी का एक बॉक्स 200 से 400 रुपये में बिका। कोटगढ़ और ननखड़ी से फसल लेकर पहुंचे बागवानों ने बताया कि बीते वर्ष के मुकाबले इस वर्ष चेरी की फसल कम है, इसका कारण सर्दियों में कम बर्फ पड़ना है। इसकी वजह से चेरी का आकार सही नहीं बन पाया है लेकिन शुरुआत अच्छे दाम मिलने के साथ हुई है।