जिला कुल्लू की पार्वती घाटी के रसोल-मलाणा ट्रैक से लापता ट्रैकर 13 घंटे बाद सुरक्षित मिल गया है। जरी पुलिस और मणिकर्ण की नेगी रेस्क्यू टीम को रसोल की पहाड़ी में यह सफलता मिली है। रातभर तलाशी करने के बाद वीरवार सुबह खरड़, चंडीगढ़ के रहने वाले अरुण को ढूंढ निकाला गया है।
जानकारी के अनुसार ट्रैकर छलाल व रसोल होकर मलाणा ट्रैक पर निकला था। लेकिन रसोल की ऊंची चोटियों पर बुधवार देर शाम करीब 7:00 बजे अचानक वह रास्ता भटक गया। उसने इसकी सूचना पहले अग्निशमन कुल्लू का दी। इसके बाद मणिकर्ण में जरी पुलिस चौकी को सूचना दी गई।
इसके बाद पुलिस ने नेगी रेस्क्यू दल के साथ तलाशी शुरू की। वीरवार सुबह पुलिस व स्थानीय रेस्क्यू टीम पर्यटक के पास पहुंची और उसे सुरक्षित जरी लाया गया, जहां उसका मेडिकल भी करवाया गया।
एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने कहा कि रसोल-मलाणा ट्रैक रूट एक पर्यटक ट्रैकर रास्ता भटक गया था। पुलिस ने रेस्क्यू दल के साथ तलाश किया है। एसपी ने ट्रैकिंग जाने वाले ट्रैकरों से पुलिस में अपना पंजीकरण करवाने को कहा।