चमियाना अस्पताल को आपातकालीन सेवा चलाने के लिए नहीं मिला लैब का स्टाफ, गंभीर मरीजों को ले जाना पड़ता है आईजीएमसी
विज्ञापन
लैब स्टाफ मिलने पर ही शुरू होंगी 24 घंटे की इमरजेंसी सेवा अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल (एआईएमएसएस ) चमियाना में अभी तक इमरजेंसी सेवा शुरू नहीं हो पाई है। अस्पताल को नवंबर में इमरजेंसी सेवाएं शुरू करने के लिए छह मेडिकल ऑफिसर मिल चुके हैं लेकिन 24 घंटे की आपातकालीन सेवाओं के लिए चमियाना अस्पताल अभी आईजीएमसी पर निर्भर है।
चमियाना अस्पताल की इमरजेंसी के लिए नियुक्त छह मेडिकल ऑफिसर को ओरिएंटेशन प्रोग्राम के तहत इमरजेंसी केस देखने की ड्यूटी पर लगा दिया है लेकिन अस्पताल में लैब स्टाफ उपलब्ध नहीं है। ऐसे में इमरजेंसी केस का उपचार बिना टेस्ट रिपोर्ट के संभव नहीं होता। अस्पताल प्रबंधन ने दिन के समय इमरजेंसी सेवाएं देने की शुरुआत कर मरीजों को कुछ राहत जरूर देने का प्रयास किया है। चमियाना में काॅर्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी, गेस्ट्रोएंट्रोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी, सीटीवीएस जैसे सुपर स्पेशलिटी विभाग हैं। इन विभागों में इमरजेंसी केस आने की संभावनाएं अधिक रहती हैं। अस्पताल अभी इमरजेंसी में सुबह दस से शाम छह बजे तक ही मरीजों का उपचार संभव होता है। इस दौरान अस्पताल में आवश्यक टेस्ट के लिए लैब स्टाफ उपलब्ध रहता है।
विज्ञापन
अस्पताल प्रबंधन शाम छह बजे के बाद सुबह नौ बजे तक इमरजेंसी में आने वाले मरीजों काे उपचार नहीं दे पा रहा है, ऐसे केस आईजीएमसी ले जाना पड़ रहे हैं। अस्पताल इसके लिए अभी भी आईजीएमसी इमरजेंसी पर ही निर्भर है। 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं न दे पाने के लिए अस्पताल के पास 24 घंटे अपनी लैब में टेस्ट की सुविधा न दे पाना मुख्य वजह है। अस्पताल प्रबंधन ने सरकार से नवंबर में ही लैब के स्टाफ की कमी दूर करने को रिक्त पड़े लैब स्टाफ, ओटीए और अन्य श्रेणी के करीब बीस से अधिक कर्मचारियों की भर्ती नियमित या आउटसोर्स आधार पर कर दिए जाने की मांग मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से की है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जल्द स्टाफ भर्ती करने के लिए विभाग को आदेश भी दिए हैं।
जल्द स्टाफ मिलने की है उम्मीद : डाॅ. सुधीर शर्मा
चमियाना अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. सुधीर शर्मा और संस्थान के प्राचार्य डाॅ. बृज शर्मा ने कहा कि लैब तथा अन्य स्टाफ की मांग मुख्यमंत्री से की है। मुख्यमंत्री ने जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरी कर स्टाफ देने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने चमियाना अस्पताल को न देश के बड़े अस्पतालों की श्रेणी में लाने के लिए हर तरह का सहयोग करने का आश्वासन दिया है। पहले भी मुख्यमंत्री ने हर मांग को पूरा किया है, उम्मीद है जल्द अस्पताल को मांगा गया स्टाफ मिल जाएगा।