मरीजों को मिलेगी बेहतर उपचार की सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाना में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने के लिए 25 नई स्टाफ नर्सों ने ड्यूटी जॉइन कर ली है। लंबे समय से अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ की कमी बनी हुई थी जिससे मरीजों और उनके परिजनों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। नए स्टाफ की तैनाती से अब हालात सुधरने की उम्मीद है।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक सुधीर शर्मा ने बताया कि मरीजों की संख्या बढ़ने के बावजूद नर्सों की कमी गंभीर चुनौती बनी हुई थी। कई बार शिकायतें मिलती थीं कि वार्डों में मरीजों को समय पर दवाइयां, इंजेक्शन और अन्य जरूरी देखभाल नहीं मिल पा रही थी। नए स्टाफ के जुड़ने से अब यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। आईजीएमसी से सात विभाग चमियाना अस्पताल शिफ्ट हो चुके हैं। इनमें कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी, यूरोलॉजी, पल्मोनोलॉजी, न्यूरोलॉजी और न्यूरो सर्जरी शामिल हैं। इन विभागों के आने के बाद मरीजों की भीड़ लगातार बढ़ी है। अस्पताल का विस्तार तो हो गया लेकिन नर्सिंग स्टाफ की कमी सबसे बड़ी अड़चन बनी हुई थी।