नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के काफिले को चौहड़ा डैम से 50 मीटर पहले ही पुलिस और सीआरपीएफ ने बेरिकेड लगाकर रोक दिया गया। मनोहर के घर जाने के लिए रास्ता न दिए जाने से खिन्न होकर नेता प्रतिपक्ष, भाजपा जिलाध्यक्ष समेत अन्य भाजपा नेता वहीं जमीन पर धरने पर बैठ गए। इसके बाद मनोहर की आत्मा की शांति के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल समेत सभी ने प्रार्थना की।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी का निर्णय मनोहर के परिवार से मिलने का रहा। लेकिन, सरकार ने धारा 144 लगाकर हमारा रास्ता रोका है। कहा कि हम शांतिपूर्ण तरीके से जाएंगे, कोई भी गाड़ी से नहीं उतरेगा, परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना देंगे और आर्थिक सहायता देने के बाद लौट आएंगे। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तो क्या उनका कोई भी नुमाइंदा अब तक मृतक के घर नहीं पहुंच पाया है।
खैर, आधे घंटे तक इंतजार करने के बाद आगे जाने की अनुमति न मिलने पर आखिरकार नेता प्रतिपक्ष समेत भाजपा नेता बनीखेत लौट आए। इस दौरान विधायक डीएस ठाकुर, हंसराज, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, राकेश पठानिया, बिक्रम सिंह जरयाल समेत सैकड़ों की संख्या में भाजपाई मौजूद रहे।