फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal: वैवाहिक विवादों में पति से ज्यादा पत्नी की सुविधा को प्राथमिकता, जानें हाईकोर्ट के बड़े फैसले

Fri, 19 Jun 2026 05:00 AM IST
Krishan Singh भारती मेहता, संवाद न्यूज एजेंसी, शिमला।

सार

अदालत ने स्पष्ट किया है कि जब भी अदालती कार्यवाही को एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरित करने की बात आती है, तो पति की तुलना में पत्नी की सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। 
विज्ञापन
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने वैवाहिक विवादों से जुड़े मामले में महत्वपूर्ण फैसला दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि जब भी अदालती कार्यवाही को एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरित करने की बात आती है, तो पति की तुलना में पत्नी की सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। न्यायाधीश रोमेश वर्मा की अदालत ने आदेश दिया कि घुमारवीं में लंबित तलाक के इस मामले को तुरंत प्रिंसिपल जज (फैमिली कोर्ट) शिमला की अदालत में ट्रांसफर किया जाए। इसके साथ ही अदालत ने दोनों पक्षों (पति और पत्नी) को निर्देश दिए हैं कि वे छह जुलाई को शिमला की फैमिली कोर्ट में पेश हों। कोर्ट ने यह भी साफ किया कि शिमला अदालत इसके लिए अलग से कोई नोटिस जारी नहीं करेगी और केस को उसी चरण से आगे बढ़ाया जाएगा, जहां यह घुमारवीं कोर्ट में लंबित था। याचिकाकर्ता का विवाह उसके पति के साथ 2020 को हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था। उनकी 5 साल की एक बेटी है। पति ने अपनी पत्नी से तलाक लेने के लिए हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13 के तहत बिलासपुर जिले के घुमारवीं फैमिली कोर्ट में एक केस दायर किया था।

विज्ञापन

याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर गुहार लगाई कि वह अस्थायी नौकरी के कारण शिमला में अपनी छोटी बेटी के साथ रह रही है। शिमला से घुमारवीं की दूरी 110 किलोमीटर से अधिक है। आर्थिक तंगी और 5 साल की मासूम बेटी की देखभाल की जिम्मेदारी के चलते उनके लिए हर पेशी पर इतनी दूर जाना मुमकिन नहीं है। इसलिए इस केस को शिमला ट्रांसफर किया जाए। वहीं, दूसरी ओर पति ने इस मांग का कड़ा विरोध किया। दलील दी गई कि पत्नी ने यह याचिका सिर्फ पति को परेशान करने और मुकदमे को बेवजह खींचने के लिए दायर की है, इसलिए इसे खारिज कर दिया जाना चाहिए। हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद कहा कि वैवाहिक मामलों में पत्नी की सुविधा ही मुख्य विचारणीय बिंदु होना चाहिए। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि कि यदि पत्नी केस ट्रांसफर की मांग करती है, तो पति की असुविधा के मुकाबले पत्नी की सुविधा को देखा जाना चाहिए। कोर्ट ने कहा कि भारतीय समाज के मौजूदा सामाजिक-आर्थिक ढांचे को देखते हुए, अदालतों को दोनों पक्षों की आर्थिक स्थिति, जीवन स्तर और सुरक्षात्मक माहौल को ध्यान में रखना चाहिए, जहां सामान्य तौर पर पत्नी की सुविधा ही सर्वोपरि है। 

चंबा नगर परिषद चुनाव: हाईकोर्ट ने बदला अपना ही आदेश

हाईकोर्ट ने चंबा नगर परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनावों पर लगाए गए अपने पुराने स्टे (रोक) के आदेश में बड़ा संशोधन किया है। सुप्रीम कोर्ट की ओर से दिए गए हालिया निर्देशों का पालन करते हुए हाईकोर्ट ने साफ किया है कि विधायक अब अपने वोट का मत का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे पहले हाईकोर्ट ने विधायकों को वोट डालने का अधिकार से रोक दिया था। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि चुनाव का अंतिम परिणाम हाईकोर्ट में लंबित मुख्य याचिका के अंतिम फैसले पर निर्भर करेगा। हाईकोर्ट ने इससे पहले 4 जून 2026 को वंदना कुमारी मामले में एक अंतरिम आदेश जारी किया था। उसी आदेश के आधार पर 8 जून 2026 को वेकेशन जज ने चंबा नगर परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव परिणामों, अधिसूचना और शपथ ग्रहण समारोह पर रोक लगाते हुए यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए थे। 

बाबा राकेश शाह पर दुष्कर्म को लेकर की एफआईआर रद्द

प्रदेश हाईकोर्ट ने ऊना के गगरेट पुलिस स्टेशन में बाबा राकेश शाह के खिलाफ दुष्कर्म और आपराधिक धमकी के मामले को लेकर दायर एफआईआर को रद्द कर दिया है। अदालत ने पीड़िता के बयानों में विरोधाभास पाते हुए अपने फैसले में स्पष्ट किया है कि मामले में आपसी रंजिश और फंसाने की साजिश प्रतीत होती है। न्यायाधीश संदीप शर्मा की अदालत ने मामले के सभी साक्ष्यों और दस्तावेजों का गहराई से अवलोकन करने के बाद कहा कि सीआरपीसी की धारा 164-ए के तहत त्वरित मेडिकल जांच जरूरी होती है। घटना के नौ साल बाद मेडिकल जांच कराने से कोई ठोस सबूत नहीं मिल सकता। ग्राम पंचायत में हुए पुराने समझौते में बाबा ने अपने अनुयायियों की ओर से महिला को थप्पड़ मारने और अभद्र भाषा के प्रयोग के लिए माफी मांगी थी, इसे दुष्कर्म के प्रयास की स्वीकृति नहीं माना जा सकता।
विज्ञापन

पुलिस की शुरुआती जांच में बाबा को क्लीन चिट मिल गई थी। बावजूद महिला ने अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर शिकायतें की, जो दुर्भावना को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि पीड़िता ने पहले एक अन्य व्यक्ति पर चंडीगढ़ और पंजाब के मुकेरियां में दुष्कर्म का आरोप लगाया था। बाद में उसने अपनी कहानी बदलते हुए बाबा पर भी साल 2016 में दुष्कर्म के प्रयास का आरोप मढ़ दिया। मुकेरियां (पंजाब) के जिस पेरिस होटल में महिला ने दुष्कर्म होने की बात कही थी, पुलिस जांच में वह होटल वहां मिला ही नहीं।पीड़िता ने 2016 की घटना के समय खुद को 16 साल का नाबालिग बताया था, लेकिन प्रस्तुत दस्तावेजों (आधार कार्ड) के अनुसार उसकी जन्म तिथि अधिक थी। इससे साबित हुआ कि कथित घटना के वक्त वह 19 साल की बालिग थी। घटना साल 2016 की बताई गई, लेकिन पुलिस में शिकायत वर्षों बाद दर्ज की गई, जिसका कोई भी संतोषजनक कारण शिकायतकर्ता नहीं दे पाई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें