राजधानी शिमला में शनिवार को धूप खिली रही, जबकि कुल्लू, कांगड़ा और हमीरपुर जिले के कई इलाकों में अंधड़ के साथ बारिश हुई। उधर, रोहतांग दर्रे के साथ ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई। कुल्लू जिले के निचले क्षेत्रों में तेज हवाएं और अंधड़ के साथ बारिश होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। मौसम का मिजाज बिगड़ने से किसानों-बागवानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला कांगड़ा के कई हिस्सों में दोपहर बाद बारिश और ठंडी हवाएं चलने से एक बार फिर गर्मी से राहत मिली है। नूरपुर क्षेत्र में आम के बागीचों के लिए यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है। वहीं, हमीरपुर जिले के नादौन इलाके में भी अंधड़ के साथ बारिश हुई।
प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। उधर, ऊना जिले के बंगाणा की सिहाणा पंचायत में तूफान के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। इससे सब्जियों और फलदार पौधों को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों में रविवार को भी बारिश होने के आसार हैं। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में रविवार को मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। पूरे प्रदेश में सात जून से मौसम रहने की संभावना जताई गई है। शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 36.2, कांगड़ा 33.3, सोलन 32.0, नाहन 31.3, चंबा 31.8, भुंतर 31.9, सुंदरनगर 30.2, धर्मशाला 27.6, शिमला-बिलासपुर 25.0, हमीरपुर 23.8, कल्पा 19.4, डलहौजी 20.1 और केलांग में 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।