कांगड़ा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशिएलिटी ब्लॉक के निर्माण में देरी पर केंद्र ने नाराजगी जताई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रदेश के प्रधान सचिव स्वास्थ्य को पत्र लिखकर शिकायत की है। साथ ही ब्लॉक तैयार करने में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए एक नोडल अफसर तैनात करने को कहा है। केंद्र सरकार के इस पत्र के बाद राज्य सरकार से सहयोग न मिलने के आरोपों की पोल खुल गई है।
प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के दूसरे चरण में डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशएलिटी ब्लॉक का काम चल रहा है। इसके लिए जिन 20 उपकरणों का प्रबंध केंद्र को करना है, उनमें 13 आइटम मेडिकल कॉलेज में पहुंच चुके हैं। उपकरणों का प्रबंधन करने वाली निजी कंपनी एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने केंद्रीय मंत्रालय में शिकायत की थी कि मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से उन्हें उपकरणों को स्थापित करने के लिए जरूरी सहयोग नहीं मिल रहा है।
इसकी वजह से समय ज्यादा लग रहा है। यही नहीं, हर्ट लंग मशीन और आईएबीपी जैसे कई उपकरणों को इंस्टाल और शुरू करने में दिक्कत आ रही है। मंत्रालय ने इस पर सख्त नाराजगी जताते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव को निजी तौर पर मामले में दखल देते हुए कार्य में तेजी लाने को कहा है।
सहयोग के लिए स्थानीय स्तर पर एक नोडल अफसर भी बनाने को कहा है, ताकि कमीशनिंग और इंस्टाल करने में जरूरी सहयोग आसानी से मिल सके। इसके बाद प्रधान सचिव ने प्रिंसिपल टांडा मेडिकल कॉलेज को केंद्र की ओर से लगाई गई एजेंसी को जरूरी सहयोग देने के निर्देश जारी किए हैं।