केंद्र ने प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान की भरपाई के लिए आपदा राहत के रूप में हिमाचल को 122.85 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त जारी कर दी है। यह राशि एसडीआरएफ के इस साल की ग्रांट-इन-एड के केंद्रीय हिस्से के रूप में जारी की गई है। इस संबंध में केंद्र सरकार का पत्र राज्य सरकार के वित्त महकमे को मिल गया है। इसे एडवांस के रूप में जारी किया गया है। यह रकम आगामी छह महीनों के लिए मिली है।
मार्च से सितंबर तक छह माह के लिए भी इससे पहले केंद्र सरकार पहली किस्त के रूप में 122.85 करोड़ रुपये जुलाई में जारी कर चुकी है। जून में एनडीआरएफ की मद से भी हिमाचल को 84.13 करोड़ जारी किए थे। बरसात में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के बाद भी हिमाचल आर्थिक मदद की लगातार मांग कर रहा था।
अब दूसरी छमाही में प्राकृतिक आपदाओं से नुकसान की भरपाई के लिए राहत के तौर पर दोबारा 122.85 करोड़ जारी हुए हैं। इस तरह केंद्र से भारी बारिश और बर्फबारी से हुए नुकसान के लिए इस वित्त वर्ष में 329.83 करोड़ जारी किए जा चुके हैं।
एसडीआरएफ के इस केंद्रीय शेयर के साथ हिमाचल को खुद भी प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान की भरपाई के लिए अपने हिस्से की इस धनराशि को खर्च करना होगा। इस संबंध में केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग के वित्तायोग डिवीजन के निदेशक भारतेंदु कुमार सिंह ने हिमाचल सरकार को पत्र भेजा है।