भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्रीय कैबिनेट की ओर से सतलुज नदी पर 210 मेगावाट लूहरी स्टेज-एक हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट को मंजूरी देने पर पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से वार्षिक 758.20 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। सीएम ने कहा कि इस परियोजना से रोजगार के साथ राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना का प्रदेश सरकार के साथ समझौता ज्ञापन राइजिंग हिमाचल ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट के दौरान किया गया था। इसमें केंद्र सरकार 66.19 करोड़ का अनुदान देकर इस परियोजना में सहायता कर रही है। लूहरी चरण-एक परियोजना को लगभग 5 वर्षों में कार्यशील किया जाएगा। इस परियोजना से तैयार होने वाली बिजली से ग्रिड में स्थिरता लाने और बिजली आपूर्ति सुधार में सहायता मिलेगी।
उधर जेपी नड्डा ने कहा कि यह पर्यावरण संरक्षण के साथ अक्षय ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का हिमाचल से घनिष्ठ संबंध रहा है। वे प्रदेश के विकास को हमेशा प्रतिबद्ध रहे हैं। पीएम ने अक्तूबर में दुनिया में सबसे लंबी राजमार्ग सुरंग अटल टनल रोहतांग का उद्घाटन कर हिमाचल निवासियों को एक नई सौगात दी थी। कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले छह वर्षों में हिमाचलवासियों की सुख, समृद्धि और उनके विकास से जुड़ी योजनाएं कार्यान्वित करते रहे हैं।