सीमेंट मालभाड़ा विवाद न सुलझने पर अब बरमाणा के ट्रक ऑपरेटर शुक्रवार से बिलासपुर से लगती पंजाब और अन्य जिलों की सीमाओं को सील करेंगे। सभी मालवाहकों को सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा। हालांकि सब्जी, दूध, ब्रेड आदि के वाहन जाने दिए जाएंगे। हर नाके पर 50-50 ट्रक ऑपरेटर मौजूद रहेंगे। इस नाकाबंदी के लिए किरतपुर ट्रक सहकारी सभा के ऑपरेटर भी सहयोग करेंगे। बीडीटीएस के पदाधिकारियों ने उपायुक्त बिलासपुर को सीमाएं सील करने की सूचना दे दी है। वहीं, ट्रक ऑपरेटरों का बरमाणा में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
जिला की सीमाओं को सील करने से शिमला वाया ब्रह्मपुखर और पंजाब से वाया स्वारघाट आने वाले मालवाहक बिलासपुर, मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति नहीं जा पाएंगे। वीरवार को बरमाणा में बिलासपुर जिला ट्रक ऑपरेटर सहकारी सभा (बीडीटीएस) की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सीमेंट, रेत, बजरी, ईंट, मशीनरी सहित किसी भी प्रकार के मालवाहक को सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। बनाई गई समितियों को नाकाबंदी संबंधी निर्देश दिए गए और कहा है कि वाहनों में तोड़-फोड़ नहीं की जाएगी। न ही चालकों और परिचालकों से मारपीट होगी। बीडीटीएस के महासचिव प्रदीप ठाकुर ने बताया कि सीमाओं को सील करने की जानकारी प्रशासन को दे दी है। प्रशासन यदि वार्ता के लिए बुलाता है तो वहां भी बीडीटीएस के पदाधिकारी जाएंगे।
यहां की जाएगी नाकाबंदी
किरतपुर ट्रक सहकारी सभा के ऑपरेटर बिलासपुर के साथ लगती पंजाब सीमा पर कोला वाला टोबा, गंगवाल और देहणी में नाकाबंदी करेंगे। स्वारघाट और नवांशहर मार्ग पर एक से चार नंबर वार्ड के ऑपरेटर रहेंगे। नौणी में पांच, नौ और 10, नम्होल में छह, सात और आठ, सलापड़ में 14 और 15, शाहतलाई में 20, 21 और 16, दरघेल और लदरौर में 17,18 और 19 वार्ड के ट्रक ऑपरेटर नाकाबंदी करेंगे, जबकि 11, 12 और 13 वार्ड के ट्रक ऑपरेटर बरमाणा में रहेंगे।
ट्रक ऑपरेटर की ओर से सीमाओं पर नाकाबंदी की जानकारी मिली है। कानून व्यवस्था बनाई रखी जाएगी। कानून व्यवस्था बनाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
- दिवाकर शर्मा, पुलिस अधीक्षक
सीमाएं सील करने की सूचना मिली है। बीडीटीएस पदाधिकारियों को शुक्रवार को बुलाया जाएगा और इस संबंध में वार्ता की जाएगी।
- पंकज राय, उपायुक्त बिलासपुर