जिंदल परिवार ने बेटे आदित्य को मिले गोल्ड मेडल का जश्न रेल कार में सफर कर मनाया।
- फोटो : अमर उजाला
क्रिसमस पर पंचकूला के जिंदल परिवार ने छोटे बेटे आदित्य जिंदल को मिले गोल्ड मेडल का जश्न कालका-शिमला हेरिटेज रेलवे ट्रैक के बीच रेल कार में सफर कर मनाया। व्यवसायी पद्म जिंदल ने 21 हजार रुपये में 12 सीटर रेल मोटर कार बुक करवाई थी। पदम जिंदल के बेटे अभिनव जिंदल ने बताया कि उनके छोटे भाई आदित्य जिंदल ने नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी दिल्ली से लॉ की डिग्री में गोल्ड मेडल हासिल किया है। इसका जश्न अलग तरीके से मनाने के लिए रेल कार बुक करवाई थी। बंगलूरू से रिश्तेदार सचिन गुप्ता, बिंदू गुप्ता, हिमांशी और आरुषि खासतौर पर रेल कार का सफर करने के लिए पहुंचे थे।
सभी 12 सदस्यों ने पहली बार कालका-शिमला के बीच ट्रेन से सफर किया। विस्ताडोम रेल मोटर कार में सफर यादगार बन गया। कालका से सुबह 7:30 बजे रेल कार रवाना हुई। बड़ोग में चाय नाश्ते के लिए रुके। कंडाघाट, कैथलीघाट और शोघी में कुछ देर रुकने के बाद दोपहर करीब 1:15 पर रेल कार शिमला पहुंची। इसके बाद सभी लोग पैदल रिज मैदान पहुंचे। यहां फोटोग्राफी का लुत्फ उठाया और शाम 7:30 बजे रेल मोटर कार से वापस कालका लौट गए। क्रिसमस पर ही एक अन्य चार्टर्ड रेल कार भी कालका शिमला के बीच संचालित की गई। कंडाघाट से बोर्डिंग हुई इस रेल कार में एनआरआई दल ने सफर किया।