हिमाचल के सभी 1980 परीक्षा केंद्र सीसीटीवी लेस होंगे। सभी शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के मुख्यालय के सर्वर से जुड़ेंगे। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश के 100 फीसदी परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए प्रस्ताव बनाया है।
इस प्रोजेक्ट पर करीब 60 लाख रुपये खर्च आएगा। पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिक्षा बोर्ड के सचिव धर्मेश रमोत्रा ने नए प्रस्ताव की पुष्टि की है। धर्मेश रमोत्रा ने कहा कि वार्षिक परीक्षाओं के दौरान नकल की कुरीति को जड़ से खत्म करने के लिए शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष ने यह प्रस्ताव सुझाया है।
परीक्षाओं के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर धर्मशाला से ही कैमरों के जरिये नजर रखी जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लेस किया जाएगा। धर्मशाला में हाईटेक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।
इस हाईटेक हॉल में 1980 परीक्षा केंद्रों को लाइव देखा जा सकेगा। अगर किसी भी परीक्षा केंद्र में नकल करते हुए पाई गई तो फुटेज को प्रमाण के तौर पर प्रयोग करके स्कूल प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। धर्मशाला में करीब 20 कर्मचारी इस हाईटेक कंट्रोल रूम में परीक्षा केंद्रों पर नजर रखेंगे।
शिक्षा बोर्ड ने प्रस्ताव को धरातल पर उतारने के लिए आईटी कंपनियों से प्रस्ताव मांगे हैं। इस योजना की खास बात यह है कि हर परीक्षा केंद्र में लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों के साथ उच्च क्षमता का बैटरी बैकअप भी स्थापित किया जाएगा।
बिजली जाने पर भी सीसीटीवी कैमरे में सारी परीक्षा कैद होगी। धर्मेश ने कहा कि प्रदेश के 100 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखने वाला हिमाचल प्रदेश भारत का पहला राज्य बन सकता है।