साल 2019 में दसवीं और जमा दो कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होंगी। उच्च शिक्षा निदेशालय ने सरकारी स्कूलों के सभी परीक्षा केंद्रों में कैमरे लगाने के निर्देश जारी किए हैं। जिन केंद्रों में कैमरे नहीं लगे हैं, उनका ब्योरा भी मांगा है।
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि अगले साल सभी केंद्रों में कैमरे लगाने का लक्ष्य रखा है। इसी कड़ी में उपनिदेशकों से रिकॉर्ड मांगा है। दसवीं और जमा दो कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं स्कूल शिक्षा बोर्ड लेता है।
सरकार ने परीक्षा केंद्रों में नकल रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला लिया है। कई परीक्षा केंद्रों में बीते दो साल से कैमरों की निगरानी में परीक्षाएं हो रही हैं। कुछ केंद्रों में प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।
इसके चलते उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी परीक्षा केंद्रों में साल 2019 के दौरान अनिवार्य तौर पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला लिया है। एक सप्ताह के भीतर सभी परीक्षा केंद्रों से सीसीटीवी कैमरों का स्टेटस पूछा गया है।