जिले के 21 केंद्रों में परीक्षा देंगे हजारों विद्यार्र्थी, संक्रमण से बचाव के होंगे पुख्ता इंतजाम
क्रॉसर
पहली बार ओएमआर शीट पर उत्तर देंगे विद्यार्थी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सीबीएसई की मंगलवार से दसवीं कक्षा की फर्स्ट टर्म बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हाेंगी। जिले के 21 केंद्रों में हजारों छात्र-छात्राएं इस परीक्षा में अपीयर होंगे। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। पहले दिन सोशल साइंस की परीक्षा होगी।
दसवीं कक्षा के परीक्षार्थी पहली बार मल्टीपल च्वाइस प्रश्नों के उत्तर ओएमआर शीट पर देंगे। सर्दियों के मौसम को देखते हुए इस बार सुबह साढ़े ग्यारह से एक बजे तक मेजर विषयों की यह परीक्षाएं होंगी। परीक्षा के लिए जारी निर्देशों के अनुसार सुबह साढ़े दस बजे से परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों को थर्मल स्क्रीनिंग और मास्क के साथ प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों में 11 से 11:10 बजे तक ओएमआर शीट वितरित की जाएगी और 11:30 तक प्रश्नपत्र वितरण की प्रक्रिया चलेगी। बीस मिनट प्रश्नपत्र देखने के लिए मिलेंगे। ठीक साढ़े ग्यारह बजे परीक्षा शुरू होगी जो एक बजे तक चलेगी।
सीबीएसई की दसवीं और बारहवीं कक्षा की इन परीक्षाओं के लिए बनाई जिला कोआर्डिनेटर अनुपमा ने बताया कि परीक्षा के लिए दयानंद पब्लिक स्कूल में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। जिले में इन परीक्षाओं के लिए 21 केंद्र बनाए हैं। सभी परीक्षार्थियों के लिए दूसरे स्कूलों में सेंटर बनाए हैं वहीं जिला के ऊपरी क्षेत्रों में जहां स्कूल दूर हैं, वहां पर उसी स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया है। कहा कि परीक्षा के लिए कोविड संक्रमण से बचाव के लिए हर परीक्षा केंद्र में एक हाल में सिर्फ बारह परीक्षार्थी ही बैठेंगे। परीक्षा ओएमआर शीट पर उत्तर दिए जाने हैं तो इसमें परीक्षार्थियों की परीक्षा का समय कम किया है। सभी परीक्षा केंद्रों में दसवीं की पहली मेजर परीक्षा की तैयारियां पूरी कर दी हैं। हर केंद्र में एक ऑवजरर्बर तैनात होगा। परीक्षा के सही ढंग से संचालन के लिए सीबीएसई की ओर से निरीक्षण टीमें भी आएंगी।
परीक्षा केंद्रों में यह नियम होंगे लागू
मास्क लगाकर प्रवेश दिया जाएगा
सैनिटाइजर और पारदर्शी पानी की बोतल तथा पाउच ले जा सकेंगे
छात्र को एडमिट कार्ड और आईकार्ड साथ लाना होगा
परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन और बैग बाहर रखने होंगे
ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को मास्क और दस्ताने लगाने होंगे
परीक्षा केंद्रों में प्रवेश और निकासी द्वार अलग रहेंगे
जिले के 21 केंद्रों में
बनाए हैं परीक्षा केंद्र
सीबीएसई की शुरू हो रही परीक्षाओं में जिला शिमला में दसवीं कक्षा में करीब ढाई हजार से अधिक और बारहवीं कक्षा में 2200 से अधिक परीक्षार्थी अपीयर होंगे। जिला शिमला में इन परीक्षाओं के लिए दयानंद पब्लिक स्कूल, सेंट एडवर्ड स्कूल, केंद्रीय विद्यालय जाखू हिल्स, केंद्रीय विद्यालय जतोग छावनी, सेंट थॉमस स्कूल, लोरेटो कान्वेंट ताराहाल, कान्वेंट आफ जीजस एंड मेरी नवबहार, केंद्रीय तिब्बतीयन स्कूल, सरस्वती पैराइजड स्कूल संजौली, डीएवी न्यू शिमला, डीएवी दत्तनगर रामपुर, डीपीएस झाकड़ी, डीएवी लक्कड़ बाजार, डीएवी कोटखाई, डीएवी चौपाल, डीएवी कुमारसैन, डीएवी सरस्वती नगर हाटकोटी, आर्यन पब्लिक स्कूल घरियाना, रुट्स कंट्री बाघी, जेएनवी ठियोग और केवीआईटीबीपी भौंडा सराहन में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।