हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निजी आवास हॉली लॉज में सीबीआई की छापेमारी से अफसरों में अफरातफरी का माहौल रहा। सीबीआई के अफसर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए शुक्रवार आधी रात के बाद तक आला अधिकारियों को फोन घूमाते रहे। कई अफसर रात को फाइल उठाकर हॉली लॉज आते-जाते भी नजर आए।
फोन पर भी टीम अफसरों से जानकारी जुटाती रही। हॉली लॉज में भी कई अफसर मौजूद रहे। रात करीब साढ़े तीन बजे तक न तो सीबीआई की टीम ने आराम किया और न ही अफसर सो सके। छापेमारी के दौरान सीबीआई की टीम ने बैंक, एलआईसी और राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी फोन किए। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निजी आवास में निजी प्रधान सचिव आहलूवालिया, डीजीपी संजय कुमार, एसीएस एसकेबीएस नेगी, एसपी, डीएसपी देर रात तक डटे रहे।