ढली मंडी में फ्रासबीन 80 रुपये प्रति किलो
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। किसान के खेतों से निकलने के बाद थोक मंडी ढली में जहां 10 से 21 रुपये प्रति किलो फूलगोभी बिकी वहीं लोअर बाजार की लोकल सब्जी मंडी में उपभोक्ताओं को यह 60 रुपये प्रति किलो तक मिली। लोगों का कहना है कि सब्जियों के दामों पर प्रशासन कोई नजर नहीं रख रहा। इसमें खुलकर मनमानी हो रही है।
दोनों मंडियों के बीच फासला महज सात से आठ किलोमीटर का है, लेकिन प्रति किलो दाम में करीब 40 रुपये का अंतर है। हालांकि लोअर बाजार मंडी में फूलगोभी का थोक भाव भी 40 रुपये प्रति किलो तक है। लोगों का कहना है कि इसके अलावा कई सब्जियों के दाम भी सामान्य से अधिक हैं। फ्रेंच बीन्स, मटर और फूलगोभी के दामों में उछाल आया है। ढली मंडी में फ्रासबीन 80 रुपये प्रति किलो, जबकि मटर और फूलगोभी 60 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है। वहीं ज्यादातर सब्जियों के दाम 40 से 50 रुपये प्रति किलो तक बने हुए हैं।
सब्जी विक्रेताओं के अनुसार ज्यादातर सब्जियों के दाम सामान्य हैं। फ्रेंच बीन्स, मटर और फूलगोभी स्थानीय स्तर पर आ रही हैं, जिनके दाम अन्य देसी सब्जियों की तुलना में अधिक हैं। लोअर बाजार सब्जी मंडी में वीरवार को शिमला मिर्च 40 रुपये, पत्तागोभी 30 रुपये, करेला 40 रुपये, जुगनी कद्दू 40 रुपये, बैंगन 30 रुपये, भिंडी 40 रुपये, गाजर 50 रुपये, टिंडा 50 रुपये तथा टमाटर 30 से 40 रुपये प्रति किलो बिका।
स्थानीय कारोबारी विशवेश्वर नाथ ने बताया कि बाहर से आने वाली देसी सब्जियों के दाम सामान्य हैं। कुछ स्थानीय सब्जियों के दाम जरूर सामान्य से थोड़े अधिक हैं। आने वाले दिनों में इनके दामों में गिरावट आने की संभावना है। फिलहाल सब्जियों के दामों में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
ढली सब्जी मंडी में आढ़ती एसोसिएशन के सचिव बिट्टु वर्मा ने बताया कि पंचायत चुनाव के चलते आपूर्ति कम हुई है, जिससे फ्रेंच बीन्स के दाम बढ़े हैं। मटर और फूलगोभी के दामों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है।
फलों के दाम भी छू रहे आसमान
लोअर बाजार सब्जी मंडी में गुठलीदार फलों के दाम भी आसमान छू रहे हैं। फलों के दाम आम लोगों की पहुंच से बाहर हैं। मंडी में वीरवार को नाशपाती 250 से 300 रुपये प्रति किलो तक बिकी। प्लम 200 रुपये प्रति किलो, रॉयल सेब 200 रुपये प्रति किलो, लीची 200 रुपये प्रति किलो, आड़ू 160 रुपये प्रति किलो, पपीता 80 रुपये प्रति किलो, खरबूजा 40 रुपये प्रति किलो और केला 100 रुपये दर्जन तक बिका। मंडी में फलों और सब्जियों की खरीदारी करने आए लोगों का कहना था कि फलों के दाम काफी ज्यादा हैं। आम लोग इतने महंगे फल कैसे खरीदेंगे।