मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के प्रधान निजी सचिव सुभाष आहलूवालिया के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय में की गई एक शिकायत पर उन्हें नोटिस जारी हुआ है।
आहलूवालिया को ईडी के सब जोनल कार्यालय शिमला में 22 अप्रैल को अपना पक्ष रखने को कहा गया है। उन्हें यह नोटिस फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (फेमा) की अवहेलना के आरोप में हुई एक शिकायत पर जारी किया गया है।
आरोप है कि उन्होंने विदेशों में रह रहे अपने बच्चों से विदेशी मौद्रिक विनिमय में एक्ट का ध्यान नहीं रखा। ईडी शिमला के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है।
दूसरी ओर सुभाष आहलूवालिया ने कहा है कि यह करीब दस साल बहुत पुराना मामला है। यह कोर्ट से सेटल हो चुका है। कुछ भी नया नहीं है।
शरारतपूर्ण तरीके से उनके खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय में शिकायत की गई है। विजिलेंस में भी उनके खिलाफ जो मामला चलाया गया, वह अब खत्म हो चुका है। अब शिकायत पर वहां एक रूटीन प्रक्रिया में बुलाया गया है। वह ईडी को अपना पक्ष प्रस्तुत कर वस्तुस्थिति स्पष्ट करेंगे।