चैपाल-खादर मार्ग पर खादर के समीप वीरवार शाम एक आल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना में दो महिलाओं की मौत हुई है, जबकि तीन व्यक्ति घायल हुए हैं। घटना के कारणों का अभी तक पता नही चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार शाम करीब पांच बजे आल्टो कार नेरवा से खादर की ओर जा रही थी। इसी बीच खादर के समीप गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर दो सौ फुट नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। गाड़ी में दो महिलाआें सहित कुल पांच लोग सवार थे।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर राहत कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल चौपाल पहुंचाया गया। घटना में वासवा गांव निवासी पूनम (30) की मौके पर ही मौत हुई है, जबकि भराणु गांव निवासी सीमा शर्मा (30) की अस्पताल में मौत हुई है।
घायलों में वासवा गांव निवासी दीप राम, भराणु गांव निवासी दिनेश कुमार तथा टिक्करी गांव निवासी कपिल शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल दीपराम को चौपाल अस्पताल से आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार देवेंद्र मेहता ने अस्पताल पहुंचकर मृतकों के परिवारों को दस-दस हजार रुपये तथा घायलों को तीन तीन हजार रुपये की फौरी राहत दी है।