हिमाचल के तीसा-चंबा मार्ग पर मधुबाड़ के समीप बुधवार देरशाम मांजू धार में एक कार हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया। कार के खाई में गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घुप अंधेरा होने के चलतेलोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने तीसा पुलिस थाना में भी हादसे की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सर्वप्रथम वाहन दुर्घटना में घायल हुए युवक को सड़क तक पहुंचाकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा। जानकारी अनुसार चुराह क्रिकेट ग्राउंड भंजराड़ू में आयोजित फोर्थ विंटर क्रिकेट कप जीतने के बाद सुरगानी की टीम के तीन खिलाड़ी सेंट्रो कार में सवार होकर तीसा से सुरगानी लौट रहे थे।
कार को एहसास अहमद पुत्र राजदीन निवासी धर्मपुर(मंजीर) चला रहा था। मधुबाड़ के समीप मांजूधार के पास पहुंचने पर अचानक चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। इससे कार गहरी खाई में जा गिरी। कार गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और पुलिस की मदद से शवों और घायल को बाहर निकाला।
हादसे में अंकुर चौहान पुत्र भीखम और कमल कुमार पुत्र हरि सिंह निवासी जड्डू की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को खाई से बाहर निकाल सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने हादसे की पुष्टि की है।