वेबसाइट पर ऑनलाइन फार्म अपलोड न होने के चलते प्रदेशभर के सैकड़ों बेरोजगार युवाओं की धुकधुकी बढ़ गई है। दरअसल कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर ने विभिन्न विभागों में 1756 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। लेकिन, वेबसाइट में फार्म अपलोड न होने से युवा निराश हैं। आलम यह है कि आवेदन करने को महज दो दिन बाकी हैं। ऐसे में उन्होंने कर्मचारी चयन आयोग से मांग की है कि इस दिक्कत को दूर किया जाए और आवेदन की तिथि बढ़ाई जाए।
बता दें कि कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर ने विभिन्न विभागों में पदों को भरने के लिए 26 अक्तूबर तक इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं। इसके तहत जूनियर आफिस असिस्टेंट के 1160 पद भरने जाने हैं। इनमें 20 अक्तूबर को और 596 पदों को भी पोस्ट कोड 817 में जोड़ दिया गया है। इससे नौकरी का मौका मिलने से बेरोजगार युवा उत्साहित हैं। लेकिन बेरोजगारों की इस उम्मीद पर आयोग की वेबसाइट ने पानी फेर दिया है। युवाओं को आवेदन करने में दिक्कतें आ रही हैं।
आवेदकों में नेहा, दीपशिखा, दीपक, अजय कुमार, पंकज कुमार, सुनील कुमार, रोहित कुमार, सचिन का कहना है कि वे ऑनलाइन फार्म अपलोड नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, दीपक, पंकज कुमार व अजय का कहना है कि उन्होंने आयोग के हेल्पलाइन नंबर पर कई बार कॉल कर समस्या के बारे में अवगत करवाने की कोशिश की। लेकिन, हर बार या तो फोन व्यस्त आता है या कोई उठाता ही नहीं है। सभी आवेदकों ने बोर्ड सचिव से मांग की है कि इस परेशानी को दूर कर आवेदन की तिथि बढ़ाई जाए।