काउंसलिंग के बाद बच्चों को स्टेट कोटे में एमबीबीएस की एडमिशन न देने वाले हिमाचल के सोलन के महर्षि मार्कंडेश्वर मेडिकल कॉलेज को स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की चेतावनी दे दी है।
विभाग ने साफ किया है कि शुक्रवार तक अगर कालेज प्रबंधन ने एडमिशन नहीं दिया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर कुछ अभिभावकों ने एक यूनियन बनाकर कॉलेज प्रबंधन को लिखित में चेतावनी दी है कि अगर वह एडमिशन नहीं देंगे तो वह कोर्ट में कॉलेज प्रबंधन की शिकायत करेंगे।
महर्षि मार्कंडेश्वर मेडिकल कॉलेज में एडमिशन का विवाद बढ़ता जा रहा है। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने वीरवार को अंतिम दिन भी एडमिशन लेटर के बावजूद एमबीबीएस के लिए स्टेट कैडर से चयनित एक भी छात्र का एडमिशन नहीं किया।
सोलन से लेकर शिमला तक अभिभावक कॉलेज प्रबंधन और अफसरों के चक्कर लगाते रहे लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। आखिर में सीएम से कुछ अभिभावकों ने मुलाकात की, जिसके बाद सीएम ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए साफ किया कि अगर कॉलेज बच्चों को एडमिशन नहीं देता तो कॉलेज को बंद कर दिया जाएगा।