प्रदेश के वोकेशनल शिक्षक अब व्हाट्सऐप से दूसरे शिक्षकों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। बेस्ट प्रेक्टिस को शेयर करने के लिए राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत यह नया प्लान तैयार किया गया है।
प्रदेश के एक हजार से अधिक स्कूलों में वोकेशनल शिक्षा दी जा रही है। आरएमएसए के राज्य परियोजना निदेशक घनश्याम चंद ने बताया कि व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से शिक्षक एक-दूसरे से ऑडियो शेयर करेंगे। इस योजना से अन्य शिक्षकों को भी मदद मिलेगी।
प्रदेश के सभी वोकेशनल शिक्षकों को इस योजना से जोड़ा जाएगा। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत नौवीं से जमा दो कक्षा के विद्यार्थियों को वोकेशनल शिक्षा दी जा रही है। राज्य सरकार ने विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा देने के लिए विभिन्न ट्रेड में वोकेशनल शिक्षा शुरू की है।
स्कूली विद्यार्थियों का वोकेशनल शिक्षा के प्रति रुझान भी लगातार बढ़ रहा है। इसी कड़ी में आरएमएसए के राज्य परियोजना कार्यालय ने एक निजी कंपनी के माध्यम से व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर शिक्षकों के अनुभव साझा करने की योजना तैयार की है। योजना के तहत विभिन्न ट्रेड के वोकेशनल शिक्षकों के अलग-अलग व्हाट्स अप ग्रुप बनाए जाएंगे।
शिक्षकों को पढ़ाने की बेस्ट प्रैक्टिस जिसके माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को विषय समझने में आसानी हुई है, उसका ऑडियो बनाकर भेजना होगा। इस तकनीक से अन्य शिक्षक भी नए-नए तरीकों से पढ़ा सकेंगे। व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से वोकेशनल शिक्षक संबंधित विषयों को लेकर पेश आ रही समस्याओं को हल करने में दूसरे शिक्षकों से मदद ले सकेंगे।