हिमाचल में पटवारी के 1194 पद भरने के लिए रविवार को लिखित परीक्षा होगी। इस दिन सुबह 11 से 12.30 बजे तक परीक्षा करवाई जाएगी। परीक्षा के लिए जिला उपायुक्तों ने परीक्षा केंद्रों में नकल रोकने के लिए पुख्ता प्रबंध कर दिए हैं। लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य सभी 11 जिलों में पटवारियों के पदों को भरा जाना है। पटवारी परीक्षा को 1193 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
राज्य सरकार मोहाल के 932 और सेटलमेंट में 262 पटवारी पद भरेगी। पुलिस भर्ती परीक्षा से सीख लेते हुए सरकार ने पटवारियों की परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए कड़े प्रबंध किए हैं। पटवारियों के पदों की परीक्षा के लिए जिला स्तर पर आवेदन मांगे गए हैं। पटवारी की परीक्षा देने के लिए तीन लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है।
निदेशक भू-रिकॉर्ड देवी सिंह नेगी ने बताया कि पटवारी की परीक्षा की तारीख 17 नवंबर की सुबह 11 बजे से 12.30 बजे तक होगी। सभी परीक्षा केंद्रों में नकल रोकने के कारगर कदम उठाए गए हैं। परीक्षा डेढ़ घंटे की होगी। परीक्षा केंद्र बनाने के लिए संबंधित जिलों के उपायुक्तों को पारदर्शी तरीके से परीक्षा कराने के निर्देश दे दिए हैं। इसके साथ ही उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि पटवारी की परीक्षा में नकल रोकने के लिए पुख्ता प्रबंध रखें।