8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई और स्नातक पास युवाओं के लिए गोहर के बासा कालेज में रोजगार के द्वार खुलेंगे। बासा कालेज में 31 अगस्त को रोजगार मेला लगाया जाएगा। इस दौरान 300 युवाओं को रोजगार मुहैया करवाया जाएगा।
रोजगार पाने के इच्छुक युवा अपने साथ शैक्षणिक योग्यताओं के सभी मूल प्रमाणपत्रों, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड, कार्य अनुभव प्रमाणपत्र, हिमाचली प्रमाणपत्र की फोटो प्रतिलिपियों एवं तीन पासपोर्ट आकार के फोटो सहित रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं।
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। उप-रोजगार कार्यालय जोगिंद्रनगर के प्रभारी नीरज शर्मा ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि रोजगार मेला सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक कालेज कैंपस में लगेगा।
इस दौरान निजी क्षेत्र के विभिन्न नियोक्ताओं द्वारा विभिन्न पदों पर युवाओं को रोजगार का अवसर प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई तथा स्नातक पास युवा इस मेले में भाग ले सकते हैं।