जम्मू विश्वविद्यालय में पीजी और यूजी के विभिन्न कोर्सों में दाखिला प्रक्रिया जारी है। जेयू द्वारा अब तक कुल तीन मेरिट सूचियां जारी कर दी गई हैं। जिसमें ओपन सीटों की दो सूचियां और आरक्षित व अचीवमेंट वर्ग की एक सूची शामिल है। जेयू प्रशासन के विभिन्न विभागों की ओर से मंगलवार को आरक्षित व अचीवमेंट वर्ग की दूसरी सूची जारी की जाएगी।
अचीवमेंट वर्ग में खेल और कला-संस्कृति के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। जेयू के डीन एकेडमिक अफेयर्स ने सभी विभागों को 25 अगस्त तक किए गए दाखिलों की पूरी जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले जेयू में 16 अगस्त को पहली मेरिट सूची, 20 अगस्त को दूसरी मेरिट सूची और 23 अगस्त को आरक्षित व अचीवमेंट वर्ग की सूची जारी की गई थी।
सितंबर के पहले हफ्ते कक्षाएं शुरू होंगी
जेयू प्रशासन ने सभी विभागों को दो सितंबर तक अपनी दाखिला प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद सितंबर के पहले सप्ताह में जेयू में नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं नियमित रूप से शुरू हो जाएंगी। इस वर्ष प्रत्येक कोर्स में 10 प्रतिशत सीटें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के विद्यार्थियों के लिए भी आरक्षित की गई हैं। इन पर दाखिला प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थियों ने बताया कि नेट सेवा प्रभावित होने से वे ऑनलाइन फीस जमा नहीं कर पा रहे हैं। इस कारण उन्हें थोड़ी परेशानी हो रही है। वहीं ओपन सीटों के तहत दाखिला प्रक्रिया भी चल रही है।