शिक्षक बनने के लिए हजारों अभ्यर्थियों ने शनिवार को परीक्षा दी। हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने शनिवार को टीजीटी आर्ट्स पोस्ट कोड- 699 और नॉन मेडिकल पोस्ट कोड-700 की लिखित परीक्षा का आयोजन किया।
दोनों परीक्षाओं के लिए प्रदेश भर में 133 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए। इसमें टीजीटी आर्ट्स के लिए प्रदेश के सभी जिलों में 105 और नॉन मेडिकल के लिए 28 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए।
आयोग ने टीजीटी आर्ट्स की लिखित परीक्षा के लिए 27000 अभ्यर्थियों, जबकि नॉन मेडिकल के लिए 7000 अभ्यर्थियों को रोल नंबर जारी किए गए थे। परीक्षा केंद्रों में सुबह ही अभ्यर्थी पहुंचना शुरू हो गए। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए।
टीजीटी आर्ट्स की परीक्षा सुबह 10 बजे से लेकर 12 बजे तक आयोजित की गई, जबकि नॉन मेडिकल की लिखित परीक्षा शाम के सत्र में 2 बजे से लेकर 4 बजे तक हुई। बता दें कि टीजीटी आर्ट्स के 292 पदों और नॉन मेडिकल के 107 पदों को भरने के लिए पिछले वर्ष आवेदन मांगे गए थे।
इन्हीं पदों के लिए शनिवार को यह परीक्षा आयोजित की गई। वहीं रविवार को जेबीटी की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जेबीटी की परीक्षा के लिए प्रदेश भर में 135 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
आयोग द्वारा इस परीक्षा के लिए 36000 अभ्यर्थियों को रोल नंबर जारी किए गए हैं। इस संबंध में प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के सचिव जितेंद्र कंवर ने कहा कि सभी केंद्रों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई।