हिमाचल विवि से संबद्ध निजी और सरकारी नर्सिंग कॉलेजों में नए सत्र में बीएससी और पोस्ट बेसिक नर्सिंग के लिए दूसरे दौर की काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। पात्र अभ्यर्थियों की सूची विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है। 21 अक्तूबर को बीएससी नर्सिंग की विवि सभागार में निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. रवि चंद शर्मा की अध्यक्षता में बनी कमेटी काउंसलिंग प्रक्रिया को पूरा करेगी।
प्रदेश के निजी नर्सिंग कॉलेजों में बीएससी कोर्स में प्रवेश के लिए उन अभ्यर्थियों को भी मौका दिया जा रहा है, जो पहले चरण की काउंसलिंग में भाग नहीं ले सके थे। इन्हें सिर्फ निजी नर्सिंग कॉलेजों में ही सीटें आवंटित की जाएंगी। 22 अक्तूबर को पोस्ट बेसिक नर्सिंग की काउंसलिंग होगी। बीएससी नर्सिंग की काउंसलिंग के लिए करीब 1500, जबकि पोस्ट बेसिक के लिए छह सौ से अधिक पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा की मेरिट सूची के मुताबिक कॉल किया गया है। यह जानकारी परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने दी।