हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर का तीसरा दीक्षांत समारोह नौ मार्च को होगा। राज्यपाल से मंजूरी मिलने के बाद तकनीकी विवि के शासक मंडल ने दीक्षांत समारोह करने का फैसला लिया है। बुधवार को तकनीकी विवि की 26वीं बीओजी (बोर्ड ऑफ गवर्नर) की बैठक दडूही परिसर में कुलपति प्रो. एसपी बंसल की अध्यक्षता में हुई। बीओजी ने वित्त समिति और शैक्षणिक परिषद की बैठक में पारित प्रस्तावों को सैद्धांतिक मंजूरी दी।
बीओजी ने तकनीकी विवि में एक और शैक्षणिक भवन का निर्माण करने, लड़कों और लड़कियों के लिए छात्रावास, कुलपति आवास सहित अन्य निर्माण के प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा गेस्ट फैकल्टी प्राध्यापकों को अधिकतम 35 हजार रुपये प्रतिमाह राशि देने को भी मंजूरी मिली हैं। वहीं, बीओजी ने शैक्षणिक परिषद के आगामी सत्र से 12 नए कोर्स शुरू करने के फैसले को भी मंजूर किया। विवि परिसर में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट विषय में पीएचडी करवाने का भी फैसला लिया।
दाखिला प्रक्रिया में आयु सीमा की शर्त को समाप्त करने, पीजी डिप्लोमा इन योग के विद्यार्थियों को भी मेडल देने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है। कोविड-19 महामारी के चलते सभी विद्यार्थियों को हर विषय के थ्योरी में पांच अंक की सामान्य ग्रेस देने के निर्णय को स्वीकृति दी है। बीओजी के सभी सदस्यों ने प्रदेश सरकार से राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के सही क्रियान्वयन के लिए तकनीकी विवि में अनुभवी और नियमित प्राध्यापकों की स्थाई नियुक्तियां करने की गुहार लगाई।
तकनीकी विवि ने जेसी बोस विज्ञान एवं तकनीक विवि फरीदाबाद, हरियाणा और राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण और अनुसंधान संस्थान (एनआईटीटीटीआर) चंडीगढ के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। बैठक में हमीरपुर के विधायक नगरोटा बगवां अरुण कुमार, जेसी बोस विज्ञान एवं तकनीक विवि फरीदाबाद हरियाणा के कुलपति प्रो दिनेश अग्रवाल, एनआईटीटीटीआर के निदेशक प्रो एसएस पटनायक, प्रो पवन गर्ग, राजेंद्र गुलेरिया, अश्वनी कौशल, तकनीकी शिक्षा विभाग के सह निदेशक अमर नेगी, कुलसचिव अनुपम ठाकुर, अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो. कुलभूषण चंदेल, अधिष्ठाता अभियांत्रिकी प्रो. धीरेंद्र शर्मा, वित अधिकारी उतम पटियाल उपस्थित रहे, जबकि विशेष सचिव वित्त राकेश कंवर और तकनीकी शिक्षा के अवर सचिव संजय चैहान ऑनलाइन बैठक में मौजूद रहे।