कोरोना वायरस का प्रभाव अब हिमाचल में होने वाली भर्ती परीक्षाओं पर भी दिखने लगा है। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर ने फील्ड असिस्टेंट और अकाउंट्स क्लर्क समेत तीन विभिन्न पोस्ट कोड की भर्ती परीक्षाओं के शेड्यूल में बदलाव कर दिया है। मार्च माह में होने वाली यह परीक्षाएं अब अप्रैल और मई माह में होंगी। लेकिन एचआरटीसी बस कंडक्टर और जूनियर ऑडिटर के पदों के लिए होने वाली छंटनी परीक्षाओं में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
यह परीक्षाएं पूर्व की भांति निर्धारित तिथियों को होंगी। अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत यह है कि जिन अभ्यर्थियों को आयोग ने संबंधित परीक्षाओं के लिए रोलनंबर व एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र आवंटित किए हैं, उनमें मई माह में होने वाली परीक्षाओं में भी कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। रोलनंबर और परीक्षा केंद्र पूर्व की भांति वही रहेंगे, केवल तिथियों में बदलाव किया गया है। चयन आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने बताया कि आयोग ने प्रदेश सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना करते हुए आयोग की बैठक में लिखित परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि पोस्ट कोड 748 सांख्यिकी सहायक की परीक्षा पूर्व में 29 मार्च को अब 9 मई को, पोस्ट कोड 766 फील्ड असिस्टेंट की परीक्षा पूर्व में 5 अप्रैल को अब 10 मई और पोस्ट कोड 767 अकाउंट्स क्लर्क की परीक्षा पूर्व में 5 अप्रैल को अब 10 मई को होंगी। जबकि 19 अप्रैल को होने वाली पोस्ट कोड 762 एचआरटीसी बस कंडक्टर और पोस्ट कोड 759 जूनियर ऑडिटर की परीक्षा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह परीक्षाएं पूर्व की भांति उसी तारीख को आयोजित होंगी।