हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने कंप्यूटर में तकनीकी खराबी आने के बाद जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) पोस्ट कोड -556 की टंकण परीक्षाओं में बदलाव कर दिया है। अमर उजाला ने 10 अक्तूबर के अंक में इस मामले को प्रमुखता से उठाया था।
इसके बाद आयोग ने टंकण परीक्षा में बदलाव का निर्णय लिया है। अब 11 अक्तूबर से होने वाली परीक्षाओं को आगे खिसकाते हुए आयोग ने नवंबर माह में करवाने का निर्णय लिया है। जिसके चलते अभ्यर्थियों को अब और अधिक परेशानियों से जूझना पड़ेगा।
पहले अभ्यर्थी इसी माह टंकण परीक्षा पूरी करने के इंतजार में बैठे हुए थे। लेकिन सोमवार को आयोग की लैब में टाइपिंग टेस्ट के दौरान एक दर्जन से अधिक कंप्यूटर में तकनीकी खराबी आने से आयोग ने टंकण परीक्षा शेड्यूल में बदलाव किया है।
चयन आयोग हमीरपुर में बीते दिन जेओए के पदों पर भर्ती के लिए टाइपिंग टेस्ट के दौरान कंप्यूटर लैब में एक साथ 30 में से 14 कंप्यूटर चलते-चलते अचानक बंद हो गए। जिसके चलते टाइपिंग टेस्ट देने आए सैकड़ों अभ्यर्थियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
चयन आयोग ने जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के 1049 पदों को भरने के लिए पूर्व में लिखित परीक्षा का संचालन किया था। लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद आयोग ने साढ़े दस हजार अभ्यर्थियों को स्किल टेस्ट के लिए बुलावा पत्र जारी किए। जिसके तहत आयोग में 31 अक्तूबर तक रोजाना साढ़े तीन सौ अभ्यर्थियों को टाइपिंग टेस्ट के लिए बुलाया गया था।