इक्डोल में स्नातक डिग्री कोर्स के प्रमोट हुए विद्यार्थी अब ऑनलाइन अपना परिणाम देख सकते हैं। सैकड़ों की संख्या में पंजीकृत विद्यार्थियों के अवार्ड्स को अपलोड कर दिया गया है। अब इन विद्यार्थियों को अपने लॉगिन आईडी से परिणाम ऑनलाइन नजर आएगा। वे इसे डाउनलोड भी कर सकेंगे। छात्र अगली कक्षा के परीक्षा रोल नंबर भी डाउनलोड कर सकेंगे। विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने बताया कि इक्डोल में पंजीकृत स्नातक डिग्री कोर्स के सभी विद्यार्थी अपना रिजल्ट ऑनलाइन देख सकता है। इसे अवार्ड्स आने के बाद अपडेट कर दिया गया है।
31 दिसंबर तक जमा होंगे पीएचडी, एमफिल के शोध
हिमाचल प्रदेश विवि के पीएचडी और एमफिल के शोधार्थियों को विवि अनुदान आयोग से कोरोना काल में बड़ी राहत मिली है। यूजीसी ने पीएचडी के अपने शोध प्रबंध (थीसिस) और एमफिल के लघु शोध प्रबंध जमा करवाने की समय सीमा फिर से बढ़ा दी है। इसे 31 दिसंबर तक कर दिया है। अब सिर्फ विवि की ओर से इसको लेकर अधिसूचना जारी होने का शोधार्थियो को इंतजार है। शोध कार्य पूरा कर जमा करवाने को 31 दिसंबर तक का समय दे दिया है। इसको लेकर यूजीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिस उपलब्ध है। इससे पहले 30 जून तक शोध कार्य पूरा कर जमा करवाने के लिए समय दिया था। अब फिर से बने मुश्किल हालात को देखते हुए छह माह का समय बढ़ाया गया है।