जिला मुख्यालय हमीरपुर में एसएफआई के तीन दिवसीय 20वें राज्य सम्मेलन का आगाज छात्र रैली से हुआ। यह सम्मेलन तीन दिन तक चलेगा और प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 300 प्रतिनिधि इस सम्मेलन में भाग ले रहे हैं।
रैली राजकीय स्नातक महाविद्यालय हमीरपुर से गांधी चौक तक निकाली गई। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ प्रदेश और केंद्र सरकार की शिक्षा और छात्र नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
इस राज्य स्तरीय रैली को अखिल भारतीय सचिव मयुख विश्वास, अध्यक्ष वीपी सानू, राज्य सचिव अमित ठाकुर अध्यक्ष विक्रम कायथ सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर लगभग सभी वक्ताओं ने केंद्र सरकार की ओर से शिक्षा व्यवस्था से किए जा रहे खिलवाड़ पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार ऐतिहासिक तथ्यों और विज्ञान से खिलवाड़ कर रही है। इस रैली में 1500 छात्रों ने भाग लिया।
राज्य अध्यक्ष विक्रम कायथ ने कहा कि इस 20वें राज्य सम्मेलन के अगले तीन दिनों तक राज्य भर से आए प्रतिनिधि एससीए चुनाव, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, अध्यापकों के रिक्त पदों, शिक्षा की गुणवत्ता जैसे मुद्दों के साथ-साथ सरकार की अन्य शिक्षा और छात्र विरोधी नीतियों पर चर्चा- परिचर्चा करेंगे और आगामी रणनीति तय करेंगे।