हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी यूजी और पीजी कॉलेजों में मंगलवार से रूसा सीबीसीएस के तहत पढ़ रहे छात्रों की सेमेस्टर अंत की परीक्षाएं शुरू हुईं। इसके लिए स्थापित करीब 140 परीक्षा केंद्रों में पहले रोज किसी तरह की कोई बड़ी समस्या छात्रों को पेश नहीं आई। पहले, तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की शुरू हुई इन परीक्षाओं में विवि ने पहले ही इक्डोल के छात्रों को बिना
आनलाइन परीक्षा रोलनंबर के बावजूद बैंक चालान रसीद और रोलनंबर दिखाने पर परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी गई । जिससे किसी भी कॉलेज में कोई छात्र परीक्षा न दे पाया हो, ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है। इक्डोल के साथ ही डिग्री कॉलेजों के रेगुलर छात्रों को भी रोलनंबर जेनरेट न होने की तकनीकी कमी के चलते रसीद दिखाने पर पर परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी गई।
इक्डोल और आम छात्रों को चालान रसीद दिखाने पर दी बैठने की अनुमति
राजधानी के आरकेएमवी कॉलेज में सुबह नौ से बाहर के सत्र में परीक्षार्थी छात्राओं की संख्या कम थी, मगर दोपहर बाद के सत्र में सैकड़ों छात्राओं ने परीक्षा परीक्षा दी। वरिष्ठ केंद्र अधीक्षक व कॉलेज प्राचार्य प्रो. मीरा वालिया ने कहा कि जिन छात्रों ने फीस चालान रसीद दिखाई उन्हें परीक्षा देने को अनुमति दे दी गई, इनमें कॉलेज के साथ ही इक्डोल के छात्र भी थे।
कोटशेरा कॉलेज के प्राचार्य डा. आरआर चौहान और सेंटर आफ एक्सीलेंस कॉलेज संजौली प्राचार्य प्रो. दीक्षा मल्होत्रा ने कहा कि कॉलेज में तय समय पर परीक्षाएं हुईं। पहले दिन कोई बड़ी समस्या पेश नहीं आई। छात्रों को रसीद दिखाए जाने पर परीक्षा में बैठने की अनुमति विवि के निर्देशों के मुताबिक दे दी गई।
किसी केंद्र में पेश नहीं आई कोई बड़ी समस्या
परीक्षा नियंत्रक डा. जेएस नेगी ने कहा कि कुछ परीक्षा केंद्रों से बिना रोलनंबर जेनरेट किए छात्रों के आने के मामलों की शिकायत आई, मगर केंद्र अधीक्षकों को आनलाइन परीक्षा फार्म भरे जाने की रसीद और रोलनंबर आदि आवश्यक दस्तावेज दिखाए जाने पर परीक्षा में
बैठने की अनुमति देने को कह दिया गया था। उन्होंने कहा कि विवि में उनके कार्यालय में लगातार परीक्षा संचालन से संबंधित समस्याओं का तुरंत निपटारा करने को स्टाफ तैनात किया गया है।