प्रदेश के कॉलेजों में नए सत्र में प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। एचपीयू में अभी यह प्रक्रिया चल रही है। इसके जुलाई अंत तक पूरा होने की पूरी उम्मीद है। इसके बाद नए सत्र के लिए खेल कैलेंडर जारी करने को एक और दो अगस्त को एचपीयू की स्पोर्ट्स एंड को करिकुलर एक्टिविटी काउंसिल की बैठक होनी है। इसमें पूरे प्रदेश से प्राचार्य आएंगे।
इसी दौरान प्राचार्यों से प्रतिबंधित छात्र संघ चुनाव की बहाली कर प्रत्यक्ष चुनाव करवाने पर राय ली जाएगी। प्राचार्य कॉलेजों में प्रत्यक्ष चुनाव के लिए उपयुक्त माहौल पर विचार रखेंगे। विवि की पीजी कोर्स की प्रवेश प्रक्र्रिया को पूरा करने में अभी वक्त लगना है। विवि प्रशासन हर वर्ष इसी तरह छात्र संघ चुनाव पर राय लेता रहा है। प्रदेश में छात्र संगठनों के बीच हिंसक घटनाओं को आधार बनाते हुए 2014 में प्रत्यक्ष छात्र संघ पर प्रतिबंध लगाया गया है।
ईसी के फैसले के मुताबिक अप्रत्यक्ष मेरिट आधार पर कॉलेजों और विवि में मनोनयन से एससीए का गठन किया जा रहा है। विवि में प्रवेश प्रक्रिया के चलते छात्र संगठन चुनाव बहाली की अभी खुलकर मांग नहीं उठा रहे हैं।
बीते रोज हमीरपुर में दो छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक घटनाओं की पुनरावृत्ति अन्य परिसरों में भी जारी रही तो छात्र संघ चुनाव की बहाली की संभावनाएं घट जाएंगी। विवि प्रशासन भी फिलहाल मामले पर खुलकर बोलने से गुरेज कर रहा है।