एचपीयू के दीक्षांत समारोह में मेधावियों को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों मेडल और डिग्रियां मिलेंगीं। तीस अक्तूबर को विवि का दीक्षांत समारोह होगा। समारोह में सुबह दस से ग्यारह बजे तक मौजूद रहकर विवि के मेधावियों को गोल्ड मेडल पहनाएंगे और पीएचडी की डिग्री देकर सम्मानित करेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव केके शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। तीस अक्तूबर के इस दीक्षांत समारोह में किस सत्र के मेधावियों को मेडल और डिग्री प्रदान की जानी है। इस पर शनिवार को कुलपति की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में फैसला ले लिया जाएगा।
शैक्षणिक सत्र 2015-16 में 113 गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले छात्र रहेंगे। वहीं मेडल विजेता और पीएचडी डिग्री लेने वालों की संख्या 282 तक रहेगी। दूसरे सत्र 2016-17 के सत्र में कुल 298 मेधावियों में 123 गोल्ड मेडल विजेता शामिल हैं।
सभागार की क्षमता को देखते हुए भी संभव नहीं लगता कि दोनों सत्र के मेधावियों को दीक्षांत समारोह में मेडल और डिग्री प्रदान करने के लिए बुलाया जा सके। शनिवार को होने वाली बैठक में यही तय होगा कि यह दीक्षांत समारोह कौन से सत्र का होगा, इसमें कितने छात्र-छात्राओं को मेडल और डिग्री प्रदान की जानी है।
विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. राजिंद्र सिंह चौहान ने कहा कि दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद मेधावियों को सम्मानित करेंगे। समारोह में कितने छात्रों को सम्मानित किया जाना है। इस पर फैसला शनिवार को होने वाली बैठक में लिया जाएगा।