हिमाचल कर्मचारी चयन आयोग ने पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक के पदों को भरने के लिए लिखित परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। पोस्ट कोड 729 में पुलिस उपनिरीक्षक की लिखित परीक्षा 20 नवंबर को सुबह 10 से एक बजे के बीच हमीरपुर स्थित आयोग के कार्यालय में स्थापित परीक्षा केंद्र में होगी। इस परीक्षा में केवल वह ही पात्र होंगे, जिन्होंने शारीरिक दक्षता परीक्षा को उत्तीर्ण किया है।
इधर, चयन आयोग ने प्रैक्टिकल ड्राइविंग टेस्ट में उत्तीर्ण घोषित किए गए अभ्यर्थियों के लिए 15 अंकों का मूल्यांकन कार्यक्रम भी निर्धारित कर दिया है। ड्राइवर पोस्ट कोड 576 और ड्राइवर पोस्ट कोड 652 का मूल्यांकन 21 नवंबर को हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर में किया जाएगा। अभ्यर्थियों को डाक के माध्यम से सूचना भेज दी गई है।
सभी संबंधित प्रमाण पत्रों व उनकी एक-एक स्वयं सत्यापित प्रतियों सहित उपस्थित होना आवश्यक है। अभ्यर्थियों को यह भी सूचित किया जाता है कि 15 अंकों के मूल्यांकन से संबंधित सभी प्रमाण पत्रों की नमूना प्रतियां और दिशा-निर्देश आयोग की बेवसाइट पर उपलब्ध है। अधूरे या गलत पाए गए प्रमाण पत्रों के अंक देय नहीं होंगे तथा अतिरिक्त समय भी देय नहीं होगा।
कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर की ओर से जेओए (आईटी) पोस्ट कोड 626 और स्टेनो टाइपिस्ट पोस्ट कोड 693 के लिए 15 अंकों की मूल्यांकन परीक्षा 22 नवंबर से ली जाएगी। आयोग सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने बताया कि जूनियर ऑफिस असिस्टेंट पोस्ट कोड 626 का मूल्यांकन 22 नवंबर को और स्टेनो टाइपिस्ट पोस्ट कोड 693 का मूल्यांकन 25 नवंबर को लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को डाक के माध्यम से सूचित किया जा रहा है।