एचपीयू ने 27 नवंबर से शुरू होने वाली पीजी डिग्री कोर्स की सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए प्रदेश में 42 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें 60 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रथम, तृतीय और पांचवें सेमेस्टर की रूटीन परीक्षाओं के अलावा, रि-अपीयर परीक्षाएं भी हाेंगी।
ये दिसंबर अंत तक चलेंगी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने कहा कि प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश और परीक्षा फॉर्म भरने की ऑनलाइन प्रक्रिया के बाद, उन्हीं के लॉगइन आईडी के माध्यम से एडमिट कार्ड अपलोड होंगे।
ये सिर्फ उन्हीं छात्र-छात्राओं के उपलब्ध हाेंगे, जिनकी हाजिरी सहित संबंधित संस्थान व कॉलेज से वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होगी। उन्होंने कहा कि तीसरे सेमेस्टर और रि-अपीयर परीक्षा देने वाले जिन छात्र-छात्राओं के रोलनंबर नहीं पहुंचे होंगे, वे परीक्षा फॉर्म भरने की रसीद या पहचान पत्र सहित किसी भी तरह
का पीजी कोर्स करने का प्रमाण दिखाकर भी परीक्षा दे सकेंगे। ऐसे केस बाद में सेटल करवाने होंगे। उन्होंने कहा कि इस बार प्रथम सेमेस्टर में 20 से 25 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। शेष रि-अपीयर या फिर तीसरे सेमेस्टर के होंगे, जिन्हें ऑफलाइन रोलनंबर जारी होंगे।