प्रदेश विश्वविद्यालय के कई विभागों में प्रवेश परीक्षा के आधार पर एमफिल और विधि के एलएलएम कोर्स में खाली सीटें भरने को पात्रता शर्त में छूट दी गई है। प्रवेश परीक्षा में न्यूनतम प्राप्तांक की शर्त में पांच फीसदी की छूट दी है।
अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. अरविंद कालिया ने बुधवार को सभी विभागाध्यक्षों को जारी निर्देशों में कहा है कि पात्रता शर्त में पांच फीसदी की छूट दिए जाने के बाद जो भी छात्र इसके तहत पात्र बनते हैं, उन्हें विभागों में प्रवेश देने की प्रक्रिया तय समयसीमा में पूरी की जाए।
कहा कि सभी विभाग बीते सत्र में जितनी एमफिल की सीटें भरी गई थीं, उतनी ही सीटें भरें। हालांकि, छूट के बाद प्रवेश के लिए पात्र होेने वाले ऐसे छात्र भी होंगे, जिन्होंने एमफिल की काउंसलिंग में भाग लिया हो।
उन्हें सिर्फ प्रवेश संबंधित सूचना दी जानी है। उन्होंने प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले और प्रवेश परीक्षा में अपीयर हुए उन सभी छात्र छात्राओं से कहा है कि छूट के बाद प्रवेश संबंधित जानकारी के लिए छात्र छात्राएं संबंधित विभाग में संपर्क करें।