हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने जून माह में होने वाली स्नातकोत्तर डिग्री कोर्स की दूसरे और चौथे सेमेस्टर की नियमित और अन्य सेमेस्टर की री-अपीयर परीक्षाओं के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की समयसीमा को 30 अप्रैल तक बढ़ाने का फैसला लिया है।
अब पीजी कोर्स के परीक्षार्थी 30 अप्रैल तक बिना लेट फीस के दूसरे सेमेस्टर के ऑनलाइन परीक्षा फार्म भर सकेंगे। जबकि पुराने ऑफलाइन प्रवेश वाले बैच के लिए ऑफलाइन परीक्षा फार्म 30 अप्रैल तक भर सकेंगे। इससे पहले अंतिम तारीख 20 अप्रैल तय की गई थी।
विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने कहा कि पिछले साल पहली बार पीजी डिग्री कोर्स की प्रवेश की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया था। इसलिए अब दूसरे सेमेस्टर की जून माह में परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ही परीक्षा फार्म भरने होंगे।
उन्हें दिए गए यूजर आईडी के माध्यम से वे अलग से बनाए गए पीजी एग्जाम पोर्टल के माध्यम से परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। इसके लिए वे यूनिवर्सिटी वेबसाइट में दिए पीजी एग्जाम लिंक में जा सकते है। वहीं सीधे वे pgexamshpushimla.in से भी फॉर्म भर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि छात्रों को ऑनलाइन फॉर्म भरने में वेबसाइट के न चलने की शिकायतें भी मिलीं थीं, वहीं फॉर्म भरने की इस नई प्रक्रिया को देखते हुए ही फॉर्म भरने की अंतिम तिथि को बढ़ाया गया है।
उन्होंने कहा कि पुराने ऑफलाइन सिस्टम के तहत प्रवेश लेने वाले चौथे सेमेस्टर और री-अपीयर परीक्षार्थियों को ऑफलाइन ही फॉर्म भरने होंगे। यह तिथि ऑफलाइन और ऑनलाइन के सभी परीक्षार्थियों के लिए बढ़ाई गई है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने कहा कि जल्द इसकी अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।