नायब तहसीलदार, तहसील कल्याण अधिकारी (टीडब्ल्यूओ) और नेट परीक्षा एक ही दिन होने से हजारों युवा असमंजस में हैं। अभ्यर्थी इसी दुविधा में हैं कि कौन सी परीक्षा दें और कौन सी छोड़ें। इस संदर्भ में अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मामले के समाधान की गुहार भी लगाई है।
जानकारी के मुताबिक प्रदेश लोक सेवा आयोग 17 जून को नायब तहसीलदार और तहसील वेलफेयर ऑफिसर के लिए छंटनी परीक्षा का आयोजन कर रहा है। इसी दिन सीएसआईआर-नेट की परीक्षा भी है। इस परीक्षा के लिए प्रदेश के साथ ही अन्य प्रदेशों के हजारों छात्र तैयारी कर रहे हैं।
लेकिन एक ही तारीख को तीन परीक्षाओं के होने से अभ्यर्थी काफी परेशान हैं। छात्रों का कहना है कि कर्मचारी चयन आयोग की साइट पर उपलब्ध करवाए गए संपर्क नंबरों पर कई बार अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई। लेकिन उनकी बात नहीं सुनी जा रही है। अभ्यर्थियों ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से परीक्षा की तिथि को बदलने की मांग की है।