हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी टीजीटी आर्ट्स और साइंस की टेट परीक्षा की अस्थायी आंसर की में भी त्रुटियां पाई गई हैं। टीजीटी आर्ट्स सीरीज-बी के प्रश्न नंबर 100 में पूछा गया था कि महात्मा बुद्ध ने प्रथम उपदेश कहां दिया?
इसका सही उत्तर सारनाथ है, जबकि आंसर की में कुशीनगर दर्शाया गया है। प्रश्न नंबर 73 में खरीफ की फसल के बारे में पूछा गया था और उत्तर में जौ दर्शाया गया है, जबकि जौ रबी की फसल है। प्रश्न 49 में सीता हेड फिनिशड हर वर्क वाक्य का चेंज द व्यॉस पूछा गया है औैर इसका सही उत्तर विकल्प ए दर्शाया गया है जबकि ए और सी दोनों विकल्प सही हैं। अभ्यर्थियों ने बोर्ड से मांग की है कि इन त्रुटियों को दूर किया जाए।
नॉन मेडिकल की आंसर-की पर भी उठे सवाल
अभ्यर्थियों का आरोप है कि नॉन मेडिकल की सीरीज-ए में प्रश्न नंबर-110 के दिए गए ऑप्शन में से एक भी ऑप्शन ठीक नहीं है। वहीं 128 नंबर प्रश्न में अंग्रेजी में प्रश्न कुछ और पूछा गया है और हिंदी में प्रश्न अलग है। ऐसे में इन दोनों प्रश्नों के आंसर-की में दिए गए उत्तर गलत बनते हैं।
अभ्यर्थियों में कुलभूषण, कुलदीप, मुनीष, गौरव और ममता ने बताया कि इन दोनों प्रश्नों के उत्तर में संशय है। इसलिए इसका लाभ अभ्यर्थियों को दिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस बाबत वह बोर्ड कार्यालय में भी लिखित आपत्ति दर्ज करवा रहे हैं।