2020 में जापान के टोकियो में होने जा रहीं ओलंपिक खेलों में इस बार किक बॉक्सिंग को भी ट्रायल गेम के रूप में शामिल किया जा रहा है। इसमें भारत के खिलाड़ी भी भाग लेंगे।
हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में चल रही विश्व सीनियर किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भारतीय टीम के कोच डॉक्टर संजय यादव ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विश्व सीनियर प्रतियोगिता में जो खिलाड़ी बेहतर खेल का प्रदर्शन करेंगे, वह ओलंपिक में भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगे।
कोच संजय यादव ने बताया कि 12 नवंबर तक हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में विश्व स्तरीय सीनियर किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता चलेगी। इसमें भारत के भी 50 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 25 महिला और 25 पुरुष खिलाड़ी है। कोच ने बताया कि ओलंपिक खेलें चार साल में एक बार होती है।
जो खिलाड़ी बुडापेस्ट में चल रही विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में मेडल हासिल करेंगे, वह ओलंपिक में भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगे। टीम में हिमाचल के तीन खिलाड़ी भी साथ हैं, जिनमें हरिओम, सिमरन जीत सिंह और दिलीप राणा शामिल हैं।
इन खिलाड़ियों पर भी सबकी निगाहें रहेगी। पिछली बार साउथ कोरिया में हुई सीनियर प्रतियोगिता में भारत की टीम ने एक गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल जीते थे।
टीम के मैनेजर चंद्र मोहन शर्मा और कोच परशुराम अवार्डी डॉक्टर संजय यादव भी हिमाचल के ही हैं। इसके अलावा टीम के साथ संतोष अग्रवाल भी टीम ऑफिसर के रूप में टीम के साथ हैं।