स्कूली छात्र-छात्राओं में विज्ञान के प्रति दिलचस्पी बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से प्रायोजित इंस्पायर अवार्ड मानक कार्यक्रम की प्रोत्साहन राशि को बढ़ा दिया गया है। अब छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन राशि के तौर पर दस हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। पहले पांच हजार रुपये मिलते थे।
सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि को इस मकसद से बढ़ाया गया है, जिससे छात्र-छात्राएं इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होने पर छात्र-छात्राओं को बीस हजार रुपये प्रोत्साहन राशि के तौर पर दिए जाएंगे। पहले ऐसी व्यवस्था नहीं थी।
इसके अलावा अब राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर एनआईटी (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के गाइड मॉडल बनाने में छात्र-छात्राओं की सहायता करेंगे। इंस्पायर अवार्ड मानक के तहत अब शर्त यह रहेगी कि स्कूलों का चयन नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन अहमदाबाद की ओर से किया जाएगा। स्कूल प्रशासन की ओर से चयनित होने के नॉमिनेशन भरना होगा।
यह है इंस्पायर अवार्ड मानक
इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत स्कूल प्रशासन को पहले ऑनलाइन नोमिनेशन भरना पड़ता है। इसके बाद चयनित स्कूल जिला स्तरीय मॉडल प्रदर्शनी में विज्ञान से जुड़े मॉडलों को प्रदर्शित करते हैं। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के बाद राज्य स्तर के लिए चयन होता है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के बाद दस प्रतिशत छात्र-छात्राओं का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए होता है।
मिला है पत्र: राकेश ठाकुर
जिला नोडल अधिकारी राकेश ठाकुर ने बताया कि इंस्पायर अवार्ड मानक के तहत प्रोत्साहन राशि को बढ़ा दिया गया है। इस बारे में उन्हें पत्र मिला है। कहा कि अब दस हजार रुपये की राशि छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन के तौर पर मिलेगी। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी अब बीस हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।