प्रदेश में चल रहे इग्नू क्षेत्रीय केंद्र में साल दर साल छात्र-छात्राओं का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। इग्नू में पढ़ाई की सुविधा का प्रदेश के युवा भी भरपूर लाभ उठाने लगे हैं। पत्राचार से डिस्टेंस मोड से इग्नू की ओर से दी जा रही इस सुविधा का लाभ न केवल कामकाजी, बल्कि आम युवा भी उठा रहे हैं।
इग्नू की ओर से चलाए जा रहे करीब सौ तरह के डिग्री, डिप्लोमा कोर्स में पिछले दो सालों में स्नातक डिग्री कोर्स में युवाओं की रुचि अधिक बढ़ी है। 1989 में राजधानी शिमला में इग्नू ने अपनी क्षेत्रीय केंद्र महज सात सौ छात्रों के प्रवेश के साथ शुरू किया था।
आज प्रदेश भर में इग्नू के विभिन्न कोर्स में प्रवेश लेने वाले छात्रों की संख्या का आंकड़ा तीस हजार तक पहुंच चुका है। इग्नू की क्षेत्रीय निदेशक डा. पूनम सिंह ने बताया कि इग्नू के सबसे अधिक प्रचलित कोर्स में बीए कोर्स है। इसमें हर साल छात्रों की संख्या बढ़ रही है।
इसके अलावा बीपीपी, बीकॉम, बीएससी, एमकॉम, मास्टर ऑफ आर्ट्स इंग्लिश, राजनीति शास्त्र और इतिहास एमए कोर्स में सबसे अधिक छात्र पंजीकृत हो रहे हैं। डा. पूनम सिंह ने दावा किया कि इग्नू अपने सभी स्टडी सेंटर में छात्रों को हर कोर्स में बेहतरीन सेवाएं देने का प्रयास कर रहा है।
इसमें नियमित कक्षाएं लगाने के साथ ही छात्रों को तय समयसीमा के भीतर पाठ्यक्रम और पठनीय सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है। ऑनलाइन सेवाओं को भी और बेहतर किया जा रहा है।
साल दर साल पंजीकृत छात्रों का ब्योरा
वर्ष जनवरी सेशन जुलाई सेशन कुल छात्र
2011 4879 4542 9421
2012 3488 4436 7924
2013 3850 5116 8966
2014 4934 6756 11690
2015 6857 11123 17980
2016 7325 - ---
17 तक बिना लेट फीस ले सकते हैं प्रवेश
इग्नू के जुलाई 2016 सत्र में स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश लेने के लिए 17 अगस्त अंतिम तिथि तय की गई है। इसके बाद 31 अगस्त तक प्रवेश लेने वाले छात्रों से तीन सौ रुपये लेट फीस वसूल की जाएगी।