हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के दूरवर्ती शिक्षण संस्थान इक्डोल की शुरू हुई ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया में बीएड कोर्स की कुल 450 सीटें भरी जानी हैं। इनमें आर्ट्स की सबसे अधिक 375 सीटें भरी जानी हैं। मेडिकल की 25, नॉन मेडिकल और कामर्स की भी 25-25 सीटें भरी जानी हैं।
इसमें प्रवेश के लिए मेरिट ही प्रवेश का आधार रहेगा। जिसके लिए स्नातक डिग्री में न्यूनतम 50 फीसदी अंक जबकि आरक्षित वर्ग के लिए यह सीमा 45 फीसदी तय है। जिसके यूजी में 50 फीसदी अंक नहीं है और पीजी में 50 फीसदी अंक हैं तो उसे पात्र माना जाएगा।
कोर्स के लिए सिर्फ एनसीटीई से मान्यता प्राप्त रेगुलर ट्रेनिंग प्रोग्राम करने वाले पात्र होंगे। जबकि सरकार जिसे प्रशिक्षित मानती है, ऐसे कुछ वर्ग के शिक्षक भी पात्र माने जाएंगे। इनमें आर्ट एंड क्राफ्ट टीचर, भाषा अध्यापक जिन्होंने ओटी ट्रेनिंग की है भी पात्र होंगे, इन्हें सभी आवश्यक दस्तावेज भी देनें होंगे। शास्त्री बीएड के लिए पात्र नहीं होंगे।
इक्डोल की ओर से इस बार बढ़ाई गई फीस में बीएड कोर्स की सालाना फीस में पांच हजार की बढ़ोतरी की गई है। यह कोर्स अब करीब तीस हजार में किया जा सकेगा। हालांकि रेगुलर निजी और सरकारी शिक्षण संस्थानों में मुश्किल से बीएड की सीटें भरी गई हैं। इक्डोल प्रशासन आश्वस्त है कि बीएड की सभी 450 सीटें भर ली जाएंगी। पिछले सत्र में बीएड के लिए दोगुने आवेदन आए थे।
एमए एजूकेशन में भरी जानी हैं 200 सीटें
इक्डोल की ओर से शुरू किए गए एमए एजूकेशन कोर्स में दो सौ सीटें भरी जानी हैं। इसके लिए किसी भी संकाय में स्नातक पात्र होंगे। एमए एजूकेशन एमएड कोर्स के बराबर होता है। इस कोर्स में दस फीसदी सीटें बीएड के लिए आरक्षित होती है।